Site icon

जयपुर में मनाया ब्लैक फ्राय डे

ब्लैक फ्राय डे. जी नहीं, हम अनुराग कश्यप की प्रतिबंधित फिल्म की बात नहीं कर रहे बल्कि जयपुर में मनाये गए ब्लैक फ्राय डे की बात कर रहे हैं. भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष ऋषि बंसल ने बताया कि कांग्रेस की यूपीए-द्वितीय सरकार 22 मई 2009 को बनी थी। इस दिन शुक्रवार था। इसलिए युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ब्लैक फ्राइडे के विरोध में प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हो गई। ऐसे में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया। पुलिस की कार्रवाई से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट सर्किल पर रास्ता जाम करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों से समझाईश कर रास्ता खुलवाया। कार्यकर्ताओं ने एफडीआई व महंगाई के खिलाफ सरकार की निंदा की।कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल व एलपीजी की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की। साथ ही कोयला घोटाले की जांच कराने की भी मांग की है। बाद में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर अतिरिक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।


Exit mobile version