मानसरोवर में रहने वाला एक परिवार के घर में दुखों का पहाड़ टूटा था। पिता की मौत के बाद वो हरिद्वार गए थे, अस्थियां विसर्जित करने। पीछे से चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया। लाखों की नगदी और जेवरात लेकर चंपत हो गए। पुलिस की पेट्रोलिंग पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। मानसरोवर थाना इलाके के सुमेर नगर विस्तार योजना के सूने मकान से चोर दिन दहाड़े 15 लाख रुपए के जेवर और नगदी चोरी कर ले गए। वारदात रविवार दोपहर की है। उस समय घर में कोई नहीं था। पुलिस के अनुसार प्रोपर्टी व्यवसायी मोहन सैनी पिता की अस्थियां विसर्जित करने हरिद्वार गए थे। चोर सूने मकान में ताला तोड़कर घुसे थे। वे ढाई लाख रुपए नगद और करीब साढ़े चार सौ ग्राम सोने की ज्वैलरी चुरा ले गए। परिजन रविवार देर रात घर पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला।