Site icon

अब सार्वजनिक समारोह में रहेगी नजर

दो बार बडे सार्वजनिक समारोह में भाजपा कांग्रेस के कार्यकर्ता खुलेआम आपस में भिड चुके। मुकदमेंबाजी भी हो चुकी। शिकायत मुख्‍यमंत्री तक पहुंच चुकी है। ऐसे में अब सरकार इस मामले में गंभीर हो गई है। मंत्रियों के हर कार्यक्रम में अब डीएसपी स्तर का पुलिस अधिकारी जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद रहेगा। मंत्रियों के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के दौरों में भी वायरलैस सहित पुलिस का वाहन साथ रहेगा। गृह विभाग ने डीजीपी को इस संबंध में पत्र भेजकर मंत्रियों के दौरों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा के माकूल इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। गृह विभाग के प्रमुख सचिव जीएस संधू की ओर से डीजीपी को भेजे गए पत्र के अनुसार जयपुर में 11 अप्रैल को जेपी फाटक अंडरपास के उद्घाटन समारोह में मौके पर पर्याप्त और पुख्ता व्यवस्था नहीं होने से मामला काफी गंभीर हो गया। इस मामले में जनप्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की है। प्रमुख गृह सचिव ने डीजीपी को लिखे पत्र में निर्देश दिए हैं कि जयपुर के जेपी फाटक उद्घाटन समारोह जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जयपुर में जिन सार्वजनिक समारोह में मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हों उनमें अव्यवस्था और हिंसा रोकने के लिए अतिरिक्त आयुक्त या उपायुक्त स्तर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की मौजूदगी मय पुलिस जाब्ते के सुनिश्चित की जाए। इस तरह की व्यवस्था दूसरे जिलों में भी लागू की जाए। जब कभी मंत्री किसी शहर या ग्रामीण इलाके के दौरे पर जाएं उनके साथ अनिवार्य रूप से पुलिस एस्कॉर्ट वायरलैस युक्त वाहन के साथ भेजी जाए।


Exit mobile version