Site icon

देवयानी में महाआरती

सांभर स्थित देवयानी तीर्थ पर जलझूलनी एकादशी के अवसर पर महाआरती का आयोजन किया गया, जो कि इस ऐतिहासिक कस्बे के इतिहास का पहला शानदार आयोजन था। इस देवयानी सरोवर में दो दशक बाद पानी भरा है और यह पानी निकटवर्ती जल भराव क्षेत्रों से पाइप लाइन के जरिये सरोवर में लाया गया था, जिस कारण देवयानी सरोवर पर जल भराव 8 फुट से अधिक हो गया था और इस तीर्थ के दर्शन को बड़ी तादाद में लोग आने लगे हैं। इस समय इस तीर्थ पर प्रतिदिन 5-7 हजार लोगों की दैनिक आवाजाही है। महाआरती के अवसर पर जयपुर के जिला कलेक्टर नवीन महाजन और फुलेरा के क्षेत्रीय विधायक निर्मल कुमावत तथा सांभर के उपखंड अधिकार अरविंद कुमार उपस्थित थे। महाआरती के संयोजक पवन मोदी और राजू कयाल ने जानकारी दी कि इस महाआरती के मौके पर 51 हजार दीपकों से पूरे देवयानी सरोवर को सजाया गया और ऐसा लग रहा था जैसे दीपमालिका का पर्व ही आयोजित हो रहा हो। इस अवसर पर 25 हजार से अधिक लोग उपस्थित थे और सभी ने महाआरती का आनंद लिया। महाआरती का संचालन श्री गंगा माता के मंदिर स्थित घाट पर श्रीराम जी पंडित और हरिप्रसाद शर्मा ने तथा जागेश्वर नाथ मंदिर घाट पर पंडित जुगल किशोर व्यास ने करवाया। महाआरती के अवसर पर सांभर समाज जयपुर के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल तोतला, वर्तमान अध्यक्ष रामअवतार सिंहानिया, संयुक्त सचिव गोविंद मोदी, कोषाध्यक्ष पंकज कालानी, सांभर नगर पालिका चेयरमैन भंवरी देवी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष नवल किशोर सोनी, मंडल भाजपा अध्यक्ष राधेश्याम गौड़, नागरिक विकास समिति सांभर के कार्यकारी अध्यक्ष शिवराज सिंह राठौड़ व सचिव अनिल गट्टानी, रामलीला कमेटी के राममोहन डीडवानिया, राष्ट्रीय स्तर के प्रख्यात चित्रकार कन्हैया लाल वर्मा आदि उपस्थित थे।


Exit mobile version