जयपुर, 14 नवम्बर। सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री डॉ.रघु शर्मा ने कहा कि हमें चाचा नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगा। डॉ.शर्मा गुरुवार को यहां क्रिस्टल पाम सिनेमाघर में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की 130वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में बाल दिवस पर स्कूली बच्चों को फिल्म ‘सुपर 30‘ के निःशुल्क प्रदर्शन के अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि बच्चों के प्रिय चाचा नेहरू स्वयं बच्चों से बेहद प्यार करते थे। उनका मानना था कि बच्चे ही देश का भविष्य है। बच्चों को अच्छा वातावरण मुहैया कराएंगे तभी देश मजबूत और विकसित होगा।
सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री ने कहा कि पं. नेहरू के बताए मार्ग पर चलकर देश व प्रदेश के विकास में भागीदार बने। आजादी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश के विकास की यात्रा को आरंभ किया। उन्होंने अपने 17 वर्ष के कार्यकाल में पंचवर्षीय योजनाओं के माध्यम से देश का समग्र एवं योजनाबद्ध विकास किया। इसी का परिणाम है कि आज हमारा देश संपन्न राष्ट्रों की श्रेणी में आने लगा है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि पं. नेहरू ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई। उन्होंने इस दौरान अंग्रेजों के अत्याचार झेले और 11 साल जेल में रहे तथा त्याग और तपस्या के बल पर देश को गुलामी से आजादी दिलाई। मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बच्चों से संवाद किया और चाचा नेहरू बनकर आए बच्चे को पुष्प गुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से आयोजित निःशुल्क फिल्म प्रदर्शन का बच्चों ने खूब लुत्फ उठाया। बच्चों के लिए अल्पहार की भी समुचित व्यवस्था की गई। फिल्म के प्रदर्शन से पहले जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक श्री अरुण जोशी ने बच्चों से पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन से संबंधित प्रश्न पूछे। बच्चों ने सहजता से सवालों के जवाब दिये।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त डॉ. नीरज कुमार पवन, संयुक्त निदेशक श्री गोविंद पारीक सहित विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।