जयपुर 09 मई। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री सचिन पायलट ने राजधानी में गत् दो दिनों में दो मासूम बच्चियों के साथ हुई दुष्कर्म की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसके लिए सरकार प्रदेश की भाजपा सरकार की लचर कानून-व्यवस्था व महिला अपराध के प्रति संवेदनहीनता को जिम्मेदार बताया है। श्री पायलट आज जयपुर के जे.के. लॉन हॉस्पीटल पहुँचें जहाँ उन्होंने दुष्कर्म की शिकार मासूम बच्ची के परिजनों से मुलाकात की व गंभीर अवस्था में भर्ती बच्ची के हालात की जानकारी ली।
श्री पायलट ने कहा कि सरकार को बिगड़ी कानून-व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए क्योंकि सरकार की लापरवाही के कारण अपराधियों के हौसले दिनों-दिन बढ़ रहे हैं और अपराधी मासूम बच्चियों को शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मासूम बच्चियां व महिलाएं ना घर में, ना सडक़ पर और ना ही अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि राजधानी के जब ये हालात है तो पूरे प्रदेश की क्या स्थिति होगी इसका आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का महिला शोषण के प्रति जो गैर जिम्मेदार रवैया है, उसका परिणाम है कि प्रदेश आज पूरे देश में शर्मसार करने वाले आंकड़ों के साथ महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में तीसरे स्थान है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा दुखद यह है कि प्रदेश में बेमुश्किल ही कोई ऐसा दिन निकलता होगा जब बच्चियों को ज्यादती का शिकार ना होना पड़ा हो। उन्होंने कहा कि महिला शासित राज्य में महिलाओं की दुर्दशा होना बहुत बड़ा दुर्भाग्य है।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन होने वाली ऐसी घटनाओं से प्रदेश की महिलाओं में असुरक्षा व्याप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर गरीब तबके की मासूम बच्चियां दुष्कर्म का शिकार हो रही है। इसलिए आवश्यक है कि सरकार निराश्रित लोगों के लिए सालभर चलने वाले शेल्टर होम्स संचालित करें ताकि मासूम बच्चियों को हैवानियत का शिकार होने से बचाया जा सके।
श्री पायलट ने मांग की है कि महिलाओं के लिए विशेष आश्रयस्थल बनाये जाये जहाँ वे अपने बच्चों के साथ रह सके और इन आश्रयस्थलों में सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता होनी चाहिए ताकि प्रदेश में निराश्रित महिलाओं और बच्चियों पर होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
श्री पायलट के साथ प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. अर्चना शर्मा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रेहाना रियाज, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष श्री प्रतापसिंह खाचरियावास, पूर्व मंत्री श्री बृजकिशोर शर्मा, सचिव श्री आर.सी. चौधरी, श्रीमती वंदना माथुर सहित अनेकों कांग्रेसजन मौजूद रहें।
(डॉ. अर्चना शर्मा)
उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरपर्सन
Add Comment