आज स्वतंत्रता दिवस है और मौसम भी मेहरबान। पूरा प्रदेश अच्छे मौसम से खुश है। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में यह बात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कही। स्वाधीनता दिवस की 65वीं वर्षगांठ पर बुधवार को यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में पूरे हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनायी गयी। खुशनुमा वातावरण में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। उन्होंने प्रदेश की जनता को संबोधित भी किया। परेड का नेतृत्व सहायक पुलिस उपायुक्त सर्किल प्रतापनगर (जोधपुर) कंवर राजदीप ने किया। अशोक गहलोत ने इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों सहित 38 व्यक्तियों को राष्ट्रपति का उत्तम जीवन रक्षा एवं जीवन रक्षा पदक, पुलिस पदक, सुधारात्मक सेवा पदक, सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक, राष्ट्रपति का नागरिक सुरक्षा एवं गृह रक्षा सराहनीय सेवा पदक तथा योग्यता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष रामनारायण मीणा, स्थानीय सांसद महेश जोशी, स्वतंत्रता सेनानी, जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव सी.के.मैथ्यू, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण तथा भारी संख्या में आमजन एवं स्कूली बच्चे मौजूद थे।
Add Comment