शहर में हत्याओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। नाहरगढ़ इलाके में मंगलवार को दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के समय घर पर बच्चे अकेले थे। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हाफ डे होने के कारण दोनों बच्चे स्कूल से घर जल्दी आ गए थे। गेटोर की छतरी के पास पहाड़ी पर बनी कच्ची बस्ती में मनजीत सिंह जब दोपहर को तीन बजे अपने मकान पर पहुंचे तब उन्हें इस वारदात के बारे में पता चला। उन्होंने तुरंत पीसीआर वैन को मर्डर की सूचना दी। पुलिस को परिवार के परिचित विजय सिंह पर शक है। पुलिस विजय सिंह की तलाश कर रही है।