मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की जनसुनवाई के दौरान कुछ लोगों ने सीएम हाउस के एक गेट का शीशा तोड़ डाला। तेज बारिश के बीच सोमवार सुबह बड़ी संख्या में यहां पहुंचे लोगों में गहलोत के काफी देर तक नहीं आने से आक्रोश छा गया। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे बड़ी संख्या में लोग जनसुनवाई के लिए सिविल लाइंस पहुंचे। थोड़ी देर बाद बारिश शुरू हो गई। राज्यभर से आए लोग सीएम हाउस में प्रवेश करने लगे। लोग इंतजार करने लगे कि सीएम गहलोत उनकी सुनवाई के लिए आएं। यहां आए कुछ लोगों ने बताया कि काफी देर इंतजार के बीच अचानक लाइट गुल हो गई। लोग भड़क गए। वे नारेबाजी करने लगे। सिक्योरिटी अधिकारियों ने एक-एक कर लोगों का हाथ पकड़-पकड़ कर बाहर निकालना शुरू कर दिया। इस बीच कुछ लोगों ने यहां गेट पर लगे शीशे को तोड़ डाला। वे नारेबाजी करने लगे।