Site icon

जयपुर जवाहर कला केंद्र

जयपुर को ’सिटी ऑफ आर्ट्स’ भी कहा जाता है। वास्तव में जयपुर समृद्ध कलाओं का शहर है। एक कहावत है-यथा राजा तथा प्रजा। जयपुर के राजाओं को कला की कद्र भी थी और परख भी। यही कारण है जयपुर एक ऐतिहासिक कलात्मक नगरी है। यह कला पत्थरों, मीनारों और दीवारों तक ही सीमित नहीं है। जयपुर की हवा में घुल गई है। और सांसों के साथ जयपुरवासियों के दिल में उतर गई है। कला की कद्र की राजसी परंपरा आज भी कायम है। और विभिन्न कलाओं को पनाह देकर सिर आखों पर बिठाने का मुकाम है-जवाहर कला केंद्र।

जयपुर के व्यस्ततम मार्गों में से एक जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर राजस्थान विश्वविद्यालय से दक्षिण की ओर गांधी सर्किल से आगे दाहिने हाथ की ओर जवाहर कला केंद्र का भव्य परिसर है। कलाओं को सिंचित करने वाली यह इमारत स्वयं कला का बेहद उम्दा नमूना है। वर्तमान में इस केंद्र का चप्पा-चप्पा कलाकारों की मौजूदगी से आबाद रहता है। कभी यहां के कॉफी हाउस में आईये, आपको कॉफी में भी कला की महक और स्वाद महसूस होगा।

जवाहर कला केंद्र में एक साथ कई कलात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। यह राजस्थान सरकार द्वारा राजस्थानी कला और शिल्प के संरक्षण के उद्देश्य से निर्मित कराया गया था। जवाहर कला केंद्र में आठ ब्लॉक में ऑफिस, आवास, विविध संग्रहालय, थिएटर, सभागार, पुस्तकालय, आर्ट गैलरियां, कला स्टूडियो, ओपन थिएटर, कैफेटेरिया, गार्डन, शिल्पग्राम आदि बनाए गए हैं। यहां दो स्थायी दीर्घाएं हैं और तीन अन्य दीर्घाओं में समय-समय पर कला प्रदर्शनियां लगती हैं। जवाहर कला केंद्र स्वयं कई कार्यक्रमों का आयोजन करता है और साप्ताहिक कार्यक्रम शुक्रवार, शनिवार और रविवार को आयोजित किए जाते हैं जिनमें कलाप्रेमी बड़ी संख्या में हिस्सा लेते हैं। केंद्र की ओर से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर के क्राफ्ट मेले, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कला प्रोत्साहन कार्यक्रम भी किए जाते हैं।

जवाहर कला केंद्र की इमारत वर्ष 1991 में बनकर तैयार हुई। इसका डिजाईन प्रख्यात वास्तुकार चाल्र्स कोरिया ने वर्ष 1986 में बनाया था। जयपुर की नागर शैली और भवन निर्माण योजना को ध्यान में रखकर ही चाल्र्स ने इमारत के निर्माण, शैली और भित्तिचित्रों में स्थानीय परंपराओं का निर्वहन किया।

जयपुर को वास्तु के आधार पर नौ खण्डों में बसाया गया था। ये नौ खण्ड नौ ग्रहों के प्रतीक थे। जवाहर कला केंद्र में भी इसी नवखण्डीय वास्तु को अपनाते हुए नौ चौकों को मिलाकर परिसर की रचना की गई जिनमें एक वर्ग भाग को खुला छोड़ दिया गया। जवाहर कला केन्द्र चार परिसरों से मिलकर बना है। इसके उत्तरी खुले भाग में शिल्पग्राम है। एक परिसर में थिएटर की इमारत बनाई गई है, थिएटर के दक्षिणमुखी द्वार के सामने पुस्तकालय और वाचनालय भवन है तथा थिएटर एवं पुस्तकालय के बीच जवाहर कला केंद्र के मुख्य परिसर का द्वार है।

Video: JAWAHAR KALA KENDRA

[jwplayer config=”myplayer” file=”http://player.vimeo.com/external/63496327.sd.mp4?s=f34f9a9c32c6c6342d066a83a42800e5″ image=”http://www.pinkcity.com/wp-content/uploads/2012/08/JKK.jpg” ]JAWAHAR KALA KENDRA

Video: JAWAHAR KALA KENDRA ACTIVITIES

[jwplayer config=”myplayer” file=”http://player.vimeo.com/external/63501872.sd.mp4?s=ed34904637e49cce811978f62a95dbac” image=”http://www.pinkcity.com/wp-content/uploads/2012/08/JKKACTIVITIES.jpg”%5DJAWAHAR KALA KENDRA ACTIVITIES

<

p style=”text-align:justify;”>थिएटर में रंगायन और कृष्णायन सभागार हैं। भीतरी परिसर में मुक्ताकाशीय मंच स्थित है।

कला की इस भव्य पनाहगाह का आगाज 8 अप्रैल 1993 को हुआ। जवाहर कला केन्द्र में निरंतर शास्त्रीय और लोक परम्पराओं से संबंधित कार्यक्रम होते रहे हैं। किशोर से व्यस्क हो चुका जवाहर कला केंद्र अब इतना सक्षम हो चुका है कि प्रतिवर्ष राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय लोक कार्यक्रमों का आयोजन कर सके और उन्हें सफलतापूर्वक संचालित कर सके। यहां अब हर मौसम में राष्ट्रीय स्तर के विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है जिसमें बड़ी संख्या में कलाप्रेमी मौजूद होते हैं। आम तौर पर यहां नाटक, सेमिनार, संगोष्ठियां, पेंटिंग प्रदर्शनी व गायन-वादन के कार्यक्रम होते रहते हैं। इनके इतर विभिन्न अवसरों पर विशेष सामूहिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इनमें शिल्पग्राम में विभिन्न क्राफ्ट मेलों, पुस्तक मेलों, राजस्थानी लोकरंगों व हस्तशिल्प कार्यक्रमों का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाता है। वहीं रंगायन एवं कृष्णायन सभागारों में समय समय पर महत्वपूर्ण सेमिनार, चर्चाएं, फिल्म एवं नाटकों का प्रदर्शन किया जाता है। रंगायन सभागार में हर शुक्रवार फ्राईडे थिएटर का आयोजन किया जाता है। जवाहर कला वर्तमान में न केवल जयपुर और राजस्थान बल्कि भारत और विश्व की संस्कृतियों के मेल-जोल का स्थल बन गया है। कलाप्रेमी जेकेके के इस रूप को पसंद भी कर रहे हैं।

जवाहर कला केंद्र की डिजाईन भारतीय ज्योतिष की अवधारणा पर की गई है। विभिन्न ब्लॉक्स में विभाजित जवाहर कला केंद्र का हर भाग एक ग्रह की विशेषता को दर्शाता है। यह ज्योतिषीय गणना यहां दीवारों पर की गई पेंटिंग्स में भी नजर आती है।

जवाहर कला केंद्र का पुस्तकालय गुरू अर्थात ब्रहस्पति का मूल केंद्र है, ब्रहस्पति ज्ञान और बुद्धि का प्रतीक है। चंद्र के स्थान में स्थित कॉफी हाउस की दीवारों पर विस्तृत चित्रों के माध्यम से खगोल विज्ञान के पहलुओं को चित्रित किया गया है। जवाहर कला केंद्र में केंद्रीय गुम्बद पर किया गया भित्तिचित्र कार्य आगन्तुकों और पर्यटकों को विशेष रूप से प्रभावित करता है।
जवाहर कला केंद्र परिसर में ही एक बड़े मैदान में राजस्थान के विभिन्न अंचलों की पहचान को समेटने के उद्देश्य से यहां शिल्पग्राम विकसित किया गया है। शिल्पग्राम में राजस्थान के विभिन्न अंचलों में बने घरों के खूबसूरत मॉडल यहां बनाए गए हैं जिन्हें देखकर एक ढाणी होने का आभास होता है। शिल्पग्राम में मारवाड़ी, मेवाड़ी, हाडौती, शेखावाटी, ब्रज, आदिवासी और रेगिस्तानी संस्कृतियों के प्रतीक घरों को देखना अपने आप में संपूर्ण राजस्थान को एक साथ देखने जैसा है। शिल्पग्राम में समय समय पर विभिन्ना शिल्प मेलों, पुस्तक पर्व, लोकरंग व अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। यहीं इन झोंपडियों के बीच एक रेस्टोरेंट भी है जो बिल्कुल राजस्थानी अंदाज में भोजन करने का उपयुक्त स्थल है।

जयपुर में रहकर यदि आप जवाहर कला केंद्र से नहीं जुड़े हैं और यहां आकर सांस्कृतिक और लोक रंगों का लुत्फ यदि आपने नहीं उठाया है तो जयपुर की परंपराओं की अमृतधारा आपके इर्द-गिर्द से निकल रही है पर आप उसमें डुबकियां लगाने से वंचित हैं।


Exit mobile version