Site icon

होटल नारायण निवास पैलेस ( Hotel Narain Niwas Palace )

होटल नारायण निवास पैलेस ( Hotel Narain Niwas Palace )

होटल नारायण निवास बदलने जीवन परिदृश्य में भी राजस्थान के हैरिटेज और संस्कृति को अपने आप में संजोए हुए है। यह शानदार और खूबसूरत भवन कानोता के ठाकुर जनरल अमर सिंह ने 1928 में बनवाया था। भवन को पाश्चात्य और भारतीय शैली में बनाया गया था। पूर्व में यह कानोता का राजमहल था लेकिन बाद में इसे होटल के रूप में परिवर्तित कर दिया गया। जयपुर के रॉयल हैरिटेज को अपने खूबसूरत चेहरे के साथ प्रदर्शित करने वाला यह शानदार होटल जयपुर की खास विरासतों में भी गिना जाता है। यह होटल कानोता बांध के निकट स्थित है जो जयपुर एयरपोर्ट से लगभग 11 किमी और रेल्वेस्टेशन से 5 किमी की दूरी पर है।

अगर इस राजसी भवन की भीतरी साज सज्जा की बात की जाए तो यहां राजस्थान की लोकसंस्कृति जीवंत होती दिखाई देती है। होटल की दीवारों, चौक और छतों पर खूबसूरत पेंटिंग्स उकेरी गई हैं। यहां का फर्नीचर भी जयपुर की खास शैली को खूबसूरती से दर्शाता है। इससे राजस्थान के लोकजीवन और शाही ठाठ बाट का भी अंदाजा लगाया जा सकता है। इस शानदार भवन में राजस्थान और जयपुर की खास संस्कृति को कई तरह से पेश करने की अनूठी कोशिश की गई है जो हर चीज में नजर आती है। महल की दीवारों पर सजाने के लिए लगाई गई चीजें भी यहां के गौरव की कहानी कहती प्रतीत होती हैं।

राजस्थानी संस्कृति और यहां की परंपराओं जड़ों को खोजने के इच्छुक यात्रियों, पर्यटकों के लिए यह स्थान निहायत ही खूबसूरत और महत्वपूर्ण हो सकता है। यहां दीवारों पर बने चित्र, भित्तिचित्र, छतों और खंभों पर उकेरे गए शिल्प राजस्थान की समृद्ध संस्कृति की पहचान हैं। यहां 37 कमरे हैं जो शाही ठाठ बाट देने के लिए मशहूर हैं और सभी सेवाओं और सुविधाओं से परिपूर्ण हैं। कमरों से जुड़े स्नानागार, फोन सुविधा, टेलीविजन, लॉकर्स, लांड्री आदि सभी सुविधाएं मेहमानों को दी जाती हैं। होटल में राजस्थानी भोजन के साथ जब मेहमानों को राजस्थानी गीत संगीत पेश किया जाता है तो मेहमानों के चेहरे आनंद से खिल जाते हैं। महल का हर कमरा ठाकुर अमरसिंह की यादों से जुड़ा है।

यहां मेहमानों की दी जाने वाली सुविधाओं में देशी विदेशी व्यंजन और पकवान, कठपुतली शो, लोक गीत संगीत, नृत्य, फोन सेवा, व्यापार केंद्र, यूरोपियन शैली के शौचालय, सुरक्षित जमाएं, ताजा स्विमिंग पूल, आयुर्वेदिक मसाज, योग ध्यान और स्पा प्रशिक्षक, ट्रेवल डेस्क शामिल हैं। यहां वीजा, मास्टर कार्ड, अमेरिकन एक्सप्रेस, सिटी बैंक कार्ड आदि सभी स्वीकार किए जा सकते हैं। यहां अपने वाहनों की पार्किंग की बेहतर सुविधाओं के साथ साथ होटल की कारों से जयपुर और आसपास के बेहतरीन पर्यटन स्थलों की सैर कराने की सुविधा भी दी जाती है। सुविधाओं का वर्णन करने से वास्तविकता सामने नहीं आ सकती। यहां आकर ही मेहमान यहां के माहौल और बेहतर सेवाओं का लुत्फ उठाया जा सकता है।

जयपुर और राजस्थान यहां के शाही भोजन के लिए भी देश दुनिया में मशहूर है। यहां का भोजन भी राजस्थानी संस्कृति की समृद्धि को दर्शाता है। नारायण निवास होटल में मेहमानों को उनकी पसंद के भोजन के साथ साथ राजस्थान का बेहतरीन व्यंजन भी परोसा जाता है। सिर्फ भोजन ही नहीं यहां भोजन परोसने का अंदाज भी लाजवाब है। मेहमानों को राजशाही ठाठ के साथ शाही बर्तनों में भोजन परोसा जाता है।

नारायण निवास होटल ( Hotel Narain Niwas Palace )राजस्थान की समृद्धि में चार चांद लगाता है। जयपुर आने वाले मेहमानों को बेहतरीन सेवाएं देने और उन्हें राजस्थान की संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से अवगत कराने में यह होटल न केवल अग्रणी है बल्कि स्वयं भी राजस्थान की एक विरासत की तरह आगंतुकों को शाही माहौल का अहसास कराता है।

[faqs topicalize=false topic=narain-niwas-palace width=500 color=black]

[faqs_form]


Exit mobile version